महादेव पीजी कॉलेज में एनएसएस द्वारा एसआईआर पर हुई संगोष्ठी , स्वयंसेवको ने निकाली जन जागरूकता रैली
वाराणसी। चिरईगांव, बरियासनपुर स्थित महादेव पीजी कॉलेज, में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के बैनर तले बुधवार (18 फरवरी, 2026) को द्वितीय एक दिवसीय शिविर में गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं मतदाता जागरूकता संगोष्ठी तथा रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को मतदाता सूची की शुद्धता, अपने नाम की जाँच तथा लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दयाशंकर सिंह ने किया। अतिथियों का स्वागत एवं कार्यक्रम की रूपरेखा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लोकनाथ पांडेय द्वारा प्रस्तुत की गई।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम का सही होना लोकतंत्र की मजबूती की पहली शर्त है। छात्रों से अपील की गई कि वे अपने परिवार व आसपास के नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा फर्जी/अयोग्य नामों पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
इसके उपरांत कॉलेज परिसर से संदहा होते सियो तक मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें स्वयंसेवकों ने “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मेरा वोट, मेरा अधिकार” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली का समापन परिसर में शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने निष्पक्ष व जागरूक मतदान का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉक्टर दयाशंकर सिंह, प्रथम महिला सीमा सिंह, डॉक्टर मारुत नंदन मिश्रा, डॉक्टर संजय मिश्रा , डॉक्टर अभिनेश गुप्ता, श्रुति सिंह, उदित पांडेय,आर्यन गिरी विपिन, वंदना, ज्योति के साथ एनएसएस के अनेक स्वयंसेवकों, कॉलेज के शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही।