महादेव पीजी कॉलेज में लगा एनएसएस का प्रथम एकदिवसीय शिविर,
हुई संगोष्ठी, कॉलेज से नशा मुक्ति रैली भी निकाली गई
वाराणसी, बरियासनपुर।
महादेव पी.जी. कॉलेज, बरियासनपुर में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लोकनाथ पांडेय के देखरेख में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम का एकदिवसीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि कॉलेज के प्रबंधक अजय सिंह ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दयाशंकर सिंह ने की।
गुरुवार (12 फरवरी 26 ) को आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति अभियान को विशेष रूप से शामिल किया गया। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो”, “स्वस्थ समाज, नशा मुक्त समाज” जैसे नारों से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि अजय सिंह ने कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है, जिसे जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ही समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. दयाशंकर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक कर राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का कार्य करती है। नशा मुक्ति जैसे अभियानों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लोकनाथ पांडेय ने बताया कि शिविर का उद्देश्य छात्रों में सेवा भाव, सामाजिक जिम्मेदारी एवं स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी एनएसएस के माध्यम से ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. संजय मिश्रा, डॉ. लोकनाथ पांडेय, डॉ. मारुति नंदन मिश्रा, डॉ. गौरव मिश्रा, डॉ. धर्मेंद्र भास्कर, डॉ निर्मल सिंह डॉ. अंजलि मौर्य समेत कालेज के तमाम शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।